



जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- सर्द मौसम की मार से वन्यजीवों को सुरक्षित रखने के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) प्रशासन ने खास तैयारी की है। खासतौर पर कर्नाटक से लाए गए हाथियों के लिए सर्दियों में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। ठंड को देखते हुए न केवल उनके खान-पान में बदलाव किया गया है, बल्कि सरसों के तेल से नियमित मालिश, अलाव और विशेष बिछौने तक की व्यवस्था की गई है। दरअसल, कर्नाटक से आए हाथी गर्म जलवायु के आदी हैं। उत्तर बिहार की सर्दी उनके लिए परेशानी का सबब बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार सर्दियों में हाथियों का डाइट चार्ट पूरी तरह बदल दिया गया है। अब उनके भोजन में मोटे अनाज का दलिया शामिल किया गया है। इसके साथ ही हरे चारे के अलावा गुड़ और खाद्य तेल की मात्रा भी बढ़ा दी गई है, ताकि सर्द हवाओं का असर उनके शरीर पर कम पड़े।
महावत के अनुसार, हाथियों की देखभाल मौसम के अनुसार की जाती है। उन्होंने बताया कि सर्दियों में भारी शीतलहर से हाथियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी कारण डाइट में बदलाव के साथ-साथ सरसों के तेल से मालिश की व्यवस्था की गई है। नियमित मालिश से हाथियों के शरीर में रक्त संचार बेहतर रहता है और शरीर को गर्माहट मिलती है। वीटीआर प्रशासन ने हाथियों के रहने की जगह पर भी खास ध्यान दिया है। उनके शेड के पास अलाव जलाकर गर्माहट की व्यवस्था की गई है। महावतों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि हाथियों को खुले में बिल्कुल न रखा जाए। धूप निकलने पर ही उन्हें बाहर निकाला जाए, जबकि धूप न होने की स्थिति में टीन शेड के अंदर ही रखा जाए। गौरतलब है कि करीब सात साल पहले कर्नाटक से चार हाथी वीटीआर लाए गए थे। फिलहाल उन्हें कालेश्वर स्थित हाथीशाला में रखा गया है। बाहर से आए इन हाथियों की सेहत को लेकर प्रशासन लगातार सतर्क है। समय-समय पर उनका मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है और स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। सर्दियों में उन्हें गन्ना भी खिलाया जा रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त ऊर्जा मिल सके। रात के समय हाथियों को सर्दी का अहसास न हो, इसके लिए विशेष बिछौने तैयार किए जाते हैं। गन्ने के पत्तों से हाथियों के सोने का बिछौना लगाया जाता है। भोजन में गुड़ के साथ लहसुन, अदरक और बाजरे का दलिया दिया जा रहा है, जो शरीर को गर्म रखने में मदद करता है। सुबह भोजन के बाद हाथियों को जंगल में घुमाया जाता है, जहां वे गुनगुनी धूप में मस्ती करते नजर आते हैं।










