



जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे रिहायशी इलाके में शनिवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वाल्मीकिनगर के टंकी बाजार के समीप स्थित एक क्लीनिक के समीप एक विशाल पेड़ में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि स्थानीय लोगों के तमाम प्रयासों के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग सहम गए और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वन कर्मियों के शुरुआती प्रयास में सफलता नहीं मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग द्वारा वाल्मीकिनगर थाना में उपलब्ध अग्निशमन वाहन को सूचित किया गया। इसके बाद एएसआई नवलेश कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने के कार्य में जुट गई। अग्निशमन वाहन के पहुंचने के बाद वन कर्मियों, बिहार पुलिस के जवानों और अग्निशमन दस्ते के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाने की कोशिश तेज कर दी गई। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इस संबंध में रेंजर अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि शरारती तत्व के द्वारा जानबूझकर ऐसी हरकत की गई हो सकती है। उन्होंने कहा कि पेड़ की जड़ पूरी तरह झुलस चुकी है, जिससे इसके जीवित रहने की संभावना काफी कम हो गई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।










