




जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकिनगर स्थित बैंकों व कॉमन सर्विस सेंटरों पर सोमवार को जीविका दीदियों की भारी भीड़ देखने को मिली। यह भीड़ राज्य सरकार द्वारा जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं के खातों में डाली गई रोजगार राशि को जांचने और निकालने के लिए उमड़ पड़ी। सुबह नौ बजे से ही बैकों पर महिलाओं का तांता लगा रहा। वे अपने बैंक खातों का विवरण जांच रही थीं और जहां राशि जमा हो गई थी, वे उसे निकाल भी रही थीं। इस बाबत गोल चौक स्थित सीएसपी संचालक चंदन कुमार मिश्र ने बताया कि अधिकतर महिलाएं यह जानने के लिए अपना खाता चेक करा रही हैं कि क्या दस हजार रुपये की राशि उनके खाते में आई है या नहीं। बताते चलें कि बिहार सरकार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। वाल्मीकिनगर की जीविका दीदी समूह से जुड़ी महिलाएं भी इस योजना का लाभ उठाने के लिए सक्रिय रहीं। राशि मिलने की सूचना पर विभिन्न पंचायतों की महिलाएं सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) केंद्रों पर पहुंचीं। पैसे निकालने के लिए वे लंबी कतारों में खड़ी दिखीं। महिलाओं ने मुख्यमंत्री के इस कदम को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय बताया। महिलाओं ने बताया कि यह योजना उन्हें रोजगार शुरू करने में मदद करेगी। इससे छोटे व्यवसाय और आत्मनिर्भरता की दिशा में नई शुरुआत होगी। कई महिलाओं ने राशि का उपयोग दुकान खोलने, पशुपालन करने और बच्चों की पढ़ाई में करने की बात कही। हालांकि, कुछ महिलाओं को निराशा भी हुई। जिनके खाते में अभी तक यह राशि नहीं आई है।