वीटीआर स्थित वाटर होल की बढ़ाई गई हर जगह सुरक्षा।

0
264



Spread the love

वाल्मीकि नगर से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट…

वाल्मीकिनगर। मौसम के मिजाज के तल्ख होते ही वीटीआर में पानी की तलाश में वन्यजीव वाटर होल पर प्यास बुझाने पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए वाटर होल पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बढ़ते तापमान के चलते पानी की तलाश में वन्यजीव वनों में पानी के स्त्रोत ढूंढ़ रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि वाटर होल में जीवों के लिए पर्याप्त जल आपूर्ति की जा रही है। जिससे जीवों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वीटीआर में लगभग दो दर्जन नए वाटर होल बनाए गए हैं। नेपाल एवं उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे वन क्षेत्रो में अक्सर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। इसलिए इस क्षेत्र को वन विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील घोषित किया है। यहां वनों में बने वाटर होल पर पानी पीने के लिए बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरन, नीलगाय आदि आने लगे हैं।

इस बाबत वाल्मीकिनगर रेंजर श्रीनिवासन नवीन ने बताया कि वनों में वाटर होल पर वन्यजीव आ रहे हैं। वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए गश्ती दलों की जिम्मेदारी बढ़ा दी गई है। वन विभाग का प्रयास है कि वन्य जीवों को पर्याप्त पानी वनों में ही मिल जाए। वन्यजीव बाहरी क्षेत्रों में पानी की तलाश में न जाएं। बताते चलें कि इस समय जल स्त्रोतों के पास बड़ी संख्या में वन्यजीव नजर आने लगे हैं। लेकिन वन्यजीवों के शिकार का खतरा भी चिंता बढ़ा रहा है। वे भोजन और पानी की तलाश में इस क्षेत्र का रुख कर रहे हैं। इस क्षेत्र में पहले कम संख्या में वन्य जीव दिखते थे। लेकिन अब अधिक संख्या में वन्यजीव दिखाई देने लगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here