शराब के नशे में हंगामा कर रहा युवक गिरफ्तार, डायल 112 टीम की त्वरित कार्रवाई, ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि।

0
112

Spread the love

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब सेवन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़ीहारी थारू टोला में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद की गई जांच में युवक के शराब सेवन की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाल्मीकिनगर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक मुन्ना कुमार सिंह, महिला सिपाही शिला कुमारी एवं माधुरी कुमारी के साथ सोमवार को डायल 112 सेवा पर तैनात थे। दोपहर करीब तीन बजे टीम को सूचना मिली कि भेड़ीहारी थारू टोला में एक व्यक्ति शराब के नशे में हल्ला-हंगामा कर रहा है और आसपास के लोगों को परेशान कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति को शोर-शराबा करते हुए पाया गया। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम राकेश कुमार (30 वर्ष), पिता शंभू यादव, निवासी भेड़ीहारी थारू टोला, थाना वाल्मीकिनगर बताया। पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के दौरान उसके मुंह से शराब की गंध महसूस की। इसके बाद उसे थाना लाकर ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में शराब की मात्रा 124.6 एमजी/100 एमएल पाई गई, जिससे शराब सेवन की पुष्टि हो गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। थाना पुलिस द्वारा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शराबबंदी कानून का पालन करने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here