

लौरिया अंचल कार्यालय की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव दिखा
लौरिया से दीपक सिंह की रिपोर्ट
लौरिया। लौरिया अंचल कार्यालय की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दरबार में कुल 55 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 35 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर आवेदकों को तत्काल राहत प्रदान की गई। इस दौरान दो महिलाओं के भूमि परिमार्जन से जुड़े मामलों को भी तुरंत स्वीकृत किया गया।जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन और अन्य राजस्व संबंधी मामलों पर सुनवाई की गई। अंचल अधिकारी नितेश कुमार सेठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध अभिलेखों की जांच के बाद त्वरित निर्णय लिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनमें निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित राजस्व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। कुछ आवेदकों से अतिरिक्त दस्तावेज उपलब्ध कराने को भी कहा गया।जनसुनवाई के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई थीं ताकि अधिक संख्या में पहुंचे फरियादियों को कोई असुविधा न हो। जनता दरबार का आयोजन अंचल कार्यालय के दूसरे तल स्थित बड़े हॉल में किया गया था। यहां बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां, ठंडा पेयजल और सुव्यवस्थित काउंटर की व्यवस्था की गई थी। कार्यालय परिसर में सूचना-पोस्टर भी लगाए गए थे, जो जनता दरबार की प्रक्रिया और अंचल प्रशासन व स्थानीय पुलिस के समन्वित प्रयासों की जानकारी दे रहे थे।अंचल अधिकारी नितेश कुमार सेठ ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों को अनावश्यक कार्यालय के चक्कर लगाने से बचाना और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। थाना प्रभारी इंद्रजीत पासवान ने लोगों से आपसी संवाद और समझदारी से छोटे विवादों को सुलझाने की अपील की। जनसुनवाई के दौरान फरियादियों में संतोष और प्रशासन के प्रति बढ़ता विश्वास स्पष्ट रूप से देखा गया।मौके पर राजस्व अधिकारी राहुल कुमार अग्रवाल, प्रधान सहायक ब्रजेश कुमार, विवेक कुमार पांडेय, अरविंद कुमार, रामपुकार कुमार सहित राजस्व कर्मचारी मोब्बसीर हसन, दीपू कुमार, नितीश कुमार, नितेश कुमार तथा अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।









