धरती को बचाने का संकल्प, हर हाथ में पौधा : विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा

0
17

Spread the love

विश्व पर्यावरण दिवस पर भेड़ीहारी (रोहुआ टोला) में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम, वीटीआर में 8500 पौधे लगाने का लक्ष्य।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भेड़ीहारी (रोहुआ टोला) में वन विभाग के सौजन्य से आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
अपने संबोधन में विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि बिगड़ते पर्यावरणीय संतुलन के कारण धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसका दुष्प्रभाव मानव जीवन, जीव-जंतुओं और वनस्पतियों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध जल और स्वच्छ वायु उपलब्ध करानी है तो अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। लोग अपने घरों, विद्यालयों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल करें, ताकि वे वृक्ष बनकर पर्यावरण को समृद्ध कर सकें। विधायक ने क्षेत्र को हरा-भरा और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) विकास अहलावत ने भी लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय हैं। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण अभियान से जुड़कर प्रकृति संरक्षण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) क्षेत्र में इस वर्ष 8500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी अभियान के तहत भेड़ीहारी में लगभग 250 फलदार पौधों का रोपण किया गया। विधायक ने कहा कि जितने अधिक पेड़ होंगे, पर्यावरण उतना ही स्वच्छ और संतुलित रहेगा। वनों की लगातार हो रही कटाई और घटती हरियाली जलवायु परिवर्तन की समस्या को और गंभीर बना रही है। इसलिए हर नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर असिस्टेंट कमांडेंट अपूर्व मिश्रा, रेंजर सत्यम कुमार, फील्ड बायोलॉजिस्ट सौरभ कुमार, पशु चिकित्सक संजीव रंजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here