वाल्मीकिनगर में पशुपालकों की उठी आवाज, डेयरी और पशु चिकित्सालय की मांग पर मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन।

0
47

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- नंदकिशोर राम के वाल्मीकिनगर आगमन के दौरान स्थानीय पशुपालकों की समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। वाल्मीकि नगर पंचायत के उप मुखिया रवि प्रकाश गुप्ता ने क्षेत्र के ग्रामीणों एवं पशुपालकों की ओर से मंत्री को मांग पत्र सौंपकर डेयरी खोलने, पशु चिकित्सालय की स्थापना और स्थायी पशु चिकित्सक की व्यवस्था करने की मांग की। उप मुखिया रवि प्रकाश गुप्ता ने मंत्री को बताया कि वाल्मीकिनगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग पशुपालन पर निर्भर हैं, लेकिन दूध की उचित खपत और विपणन की सुविधा नहीं होने से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। डेयरी की व्यवस्था होने से जहां स्थानीय पशुपालकों को लाभ मिलेगा, वहीं रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में पशु चिकित्सक की कमी की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण कई पशुओं की असमय मृत्यु हो जाती है। दूर-दराज के गांवों से पशुओं को इलाज के लिए अन्य क्षेत्रों में ले जाना ग्रामीणों के लिए काफी मुश्किल साबित होता है। ऐसे में वाल्मीकिनगर में स्थायी पशु चिकित्सालय और चिकित्सक की व्यवस्था बेहद जरूरी है। स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री नंदकिशोर राम ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार पशुपालकों की परेशानियों को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि डेयरी और पशु चिकित्सालय की मांग पर जल्द विचार किया जाएगा तथा क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल होगी। मंत्री के आश्वासन के बाद स्थानीय पशुपालकों में उम्मीद जगी है। वहीं उप मुखिया रवि प्रकाश गुप्ता द्वारा पशुपालकों के हित में उठाए गए इस मुद्दे की क्षेत्र में सराहना हो रही है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि डेयरी और पशु चिकित्सालय की सुविधा शुरू हो जाती है तो इससे पूरे इलाके के पशुपालकों को बड़ा लाभ मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here