अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन की नजर, मझौलिया में स्वास्थ्य संस्थानों पर प्रशासन की सख्ती।

0
151

Spread the love

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट..

बेतिया/मझौलिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को लेकर मझौलिया प्रखंड में सघन जांच अभियान चलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रसाद ने बताया कि जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देशानुसार गठित टीम ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जौकटिया सहित प्रखंड के कई क्षेत्रों में अस्पतालों, जांच घरों, अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं नर्सिंग होम की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान संस्थानों में आवश्यक कागजात, निर्धारित मानकों के अनुपालन तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। टीम ने कई संचालकों से लाइसेंस एवं अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।

डॉ. अनुपम प्रसाद ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई आम लोगों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है।

गौरतलब है कि जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों व जांच केंद्रों पर रोक लगाने तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here