संतपुर में 35 महिलाओं को किया गया सम्मानित।

0
150

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत संतपुर गांव में एक भव्य महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन एचडीएफसी बैंक के परिवर्तन कार्यक्रम के सहयोग से महात्मा गांधी सेवा आश्रम द्वारा संचालित “सक्षम परियोजना” के तहत किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करना और उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रफुल्ल श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाएँ सृष्टि की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास और समृद्धि के लिए महिलाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आज महिलाएँ शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक नेतृत्व और आर्थिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही हैं, जो समाज के सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
सम्मेलन के दौरान संतपुर, दरुआबारी, चरघरिया और लक्ष्मीपुर गांव की कुल 35 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में आशा कार्यकर्त्ताएँ, ग्राम विकास समिति की पदाधिकारी और वार्ड सदस्य शामिल थीं। सम्मान पाने वाली प्रमुख महिलाओं में माया देवी, बिंदु देवी, संगीता, सरस्वती, दलिमा, रम्भा, शारदा, साबिता, सुनीता, हेमलता, गीता, पूजा, मधुवती देवी, भागवंती देवी, देवकुमारी देवी, शैल्या देवी और मंजू देवी समेत अन्य महिलाएँ शामिल रहीं। इन महिलाओं को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई। इस अवसर पर सम्मानित महिलाओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। माया देवी ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनकर समाज में आगे बढ़ना चाहिए। वहीं बिंदु देवी ने महिलाओं की प्रगति के लिए शिक्षा और जागरूकता को सबसे बड़ी ताकत बताया। संगीता देवी ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और समाज में अपनी भूमिका को मजबूती से निभाना चाहिए। सरस्वती देवी ने महिलाओं के बीच आपसी सहयोग और एकता को जरूरी बताते हुए कहा कि यदि महिलाएँ एकजुट होकर कार्य करें तो समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। वहीं रम्भा ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही गांव और समाज का समग्र विकास संभव है। शारदा ने महिला शिक्षा को बेहद आवश्यक बताया, जबकि साबिता ने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संतपुर पंचायत के मुखिया रमेश महतो, वार्ड सदस्य नागेश्वर काजी और महेश काजी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के राहुल कुमार, भूपेंद्र काजी, अतुल कुमार, अनीता देवी, दुर्गेश कुमार और विकास पांडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here