



महिला स्वाभिमान विशेष सशस्त्र पुलिस बल कैंपस में 215 दिनों तक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी नवनियुक्त महिला पुलिसकर्मी
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर। वाल्मीकिनगर में स्थित महिला स्वाभिमान विशेष सशस्त्र पुलिस बल पहली बार नवनियुक्त पुलिस कर्मियों के लिए प्रशिक्षण केंद्र में रूप में चयनित किया गया है। महिला स्वाभिमान विशेष सशस्त्र पुलिस बल के नई समादेष्टा निर्मला के नेतृत्व में सोमवार से 248 नवनियुक्त महिला पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया। प्रशिक्षण की शुरुआत समादेष्टा सुश्री निर्मला ने दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।यह प्रशिक्षण मानव संसाधन विभाग व पुलिस विभाग गर्दनीबाग पटना से चयनित 279 महिला पुलिस कर्मियों के लिए शुरू की गई है। जिसमें 248 नवनियुक्त महिला पुलिसकर्मियों ने सोमवार को प्रशिक्षण के लिए अपना योगदान दिया है। 2012-13 में शुरू हुई महिला स्वाभिमान बटालियन विशेष रूप से आदिवासी महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए बिहार सरकार द्वारा गठन किया गया था। बटालियन की नई समादेष्टा सुश्री निर्मला ने बताया की बिहार सरकार पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों द्वारा इस प्रशिक्षण के लिए मुझे प्राचार्य के रूप में चयनित किया गया है। वहीं उप प्राचार्य के रूप में पुलिस उपनिरीक्षक सुश्री रीता एवं अपूर्वा कुमारी को कमान सौपा गया है। उन्होंने कहा कि यह एक इतिहास बन गया, कि महिलाओं के लिए सरकार द्वारा गठित महिला स्वाभिमान बटालियन अब प्रशिक्षण केंद्र के रूप में जाना जाएगा। इस प्रशिक्षण में केवल महिलाएं ही शामिल की गई है। 279 महिलाओं को प्रशिक्षण लेना था, जिसमें मात्र सोमवार को 248 महिलाओं ने योगदान दिया है। शेष महिलाएं प्रशिक्षण में शामिल होंगी कि नहीं, यह कहा नहीं जा सकता है। जो नवनियुक्त महिलाएं प्रशिक्षण लेने के लिए आई हैं इनका प्रशिक्षण 215 दिनों तक चलेगा। इस अवधि में मंत्र 10 दिन का अवकाश ही उनके लिए मंजूर होगा।

23 एकड़ में फैला है महिला स्वाभिमान बटालियन केंपस: प्रशिक्षण केंद्र के लिए उपयुक्त वाल्मीकिनगर का महिला स्वाभिमान विशेष सशस्त्र पुलिस बल का कैंपस 23 एकड़ में फैला हुआ है। महिला पुलिस कर्मियों के लिए बनाए जा रहे भवन अभी निर्माणाधीन है। इस कैंपस में हॉस्पिटल, स्कूल, सहित खेलकूद के लिए मैदान का भी निर्माण कराया जा रहा है। बटालियन की शुरुआत से ही इसमें लगभग 300 महिला पुलिसकर्मी पूर्व से ही कार्यरत हैं। जिन्हें बिहार बीएमपी के अधीनस्थ रखा गया है। प्रशिक्षण के दौरान किन बातों पर ध्यान देना है, इसका दिशा निर्देश समादेष्टा की तरफ से दे दिया गया है।
तीन यूनिट में बांट प्रशिक्षुओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण: 248 नवनियुक्त महिला पुलिस कर्मियों को सोमवार से शुरू की गई प्रशिक्षण के लिए तीन यूनिट में बांटा जाएगा।प्रत्येक यूनिट में 82 और 83 की संख्या में प्रशिक्षु शामिल होंगी। साथ ही प्रशिक्षुओं के लिए मेस का संचालन जीविका दीदियों को सौंपा गया है। जिसका खर्च खुद नवनियुक्त महिला पुलिसकर्मी ही वहन करेगी। प्रशिक्षुओं के लिए भोजन और नाश्ता, विभाग द्वारा जारी मेनू के अनुसार दिया जाएगा। इस मौके पर डीएसपी रंजीत कुमार,सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह, रमाशंकर पांडेय हवलदार जवाहर पांडेय, राजेश कुमार, शंभू नाथ प्रसाद सहित अन्य जवान उपस्थित रहे।










