

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों, ऊंचे पहाड़ों और नारायणी नदी की निर्मल धारा के लिए प्रसिद्ध पर्यटन नगरी वाल्मीकिनगर इन दिनों गंभीर स्वच्छता संकट से जूझ रही है। नगर के प्रमुख बाजारों और प्रवेश मार्गों पर जमा सड़े-गले कचरे के ढेर न केवल स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं, बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के सामने भी नगर की छवि धूमिल कर रहे हैं। वाल्मीकिनगर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र टंकी बाजार इन दिनों दुर्गंध और गंदगी की समस्या से प्रभावित है। बाजार के समीप कचरा जमा होने से आसपास का वातावरण दूषित हो गया है। इसके अलावा जंगल कैंप जाने वाले मार्ग पर स्थित तीन रोड पुल चौक तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-727 के किनारे भी कई स्थानों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित कचरा प्रबंधन की व्यवस्था नहीं होने तथा कुछ दुकानदारों और गृहस्वामियों द्वारा खुले में कचरा फेंके जाने से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। नागरिकों का कहना है कि गंदगी और दुर्गंध के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। पर्यटक जब नगर में प्रवेश करते ही कचरे के ढेर देखते हैं तो उनके मन में पर्यटन स्थल की नकारात्मक छवि बनती है। लोगों का मानना है कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसका सीधा असर पर्यटन गतिविधियों पर पड़ सकता है। समाजसेवी अमित कुमार सिंह, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव, कामेश्वर प्रसाद गुप्ता और संतोष कुमार रौनियार ने बताया कि वाल्मीकिनगर पंचायत की आबादी 25 हजार से अधिक होने के बावजूद यहां अब तक कचरा निस्तारण भवन का निर्माण नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि बगहा-दो प्रखंड की अधिकांश पंचायतों में यह सुविधा उपलब्ध है, जबकि पर्यटन क्षेत्र होने के बावजूद वाल्मीकिनगर इससे वंचित है। इस संबंध में पंचायत के मुखिया पन्नालाल साह ने बताया कि कचरा निस्तारण भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि नहीं मिलने के कारण परियोजना लंबित है। उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है तथा संभावित स्थलों का निरीक्षण भी किया गया है। मुखिया ने उम्मीद जताई कि भूमि चयन की प्रक्रिया जल्द पूरी होने के बाद कचरा निस्तारण भवन का निर्माण शुरू होगा और स्वच्छ वाल्मीकिनगर का सपना साकार हो सकेगा।










