मुहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, बिना लाइसेंस जुलूस पर रोक, डीजे रहेगा प्रतिबंधित।

0
96

Spread the love

बेतिया/मझौलिया। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मझौलिया थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार ने की। इस दौरान अंचलाधिकारी राजीव रंजन एवं पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमर कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, ताजिया जुलूसों के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले सभी ताजिया एवं जुलूसों के लिए प्रशासनिक लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यदि कोई व्यक्ति या समिति नियमों का उल्लंघन करती पाई गई तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने का अनुरोध किया गया। बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार ने कहा कि मुहर्रम केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि अनुशासन और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। इसे शांतिपूर्ण एवं मर्यादित ढंग से मनाने में समाज के सभी वर्गों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा। बैठक में एसआई जब्बार हुसैन,एस आई विकास कुमार, पीएसआई निधि कुमारी, एसआई राजीव नयन प्रसाद, एसआई पुरुषोत्तम पांडेय, एसआई मोहम्मद रुस्तम, पीएसआई अनुराधा कुमारी, प्रखंड प्रमुख पति सह पैक्स अध्यक्ष मंटू कुशवाहा, उप प्रमुख नरेश कुमार यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष हरिलाल यादव, मुखिया डॉ. चंद्रिका साह, समाजसेवी उपेंद्र कुमार, भूषण तिवारी, अब्दुल सत्तार अंसारी, सोनू राय, खुर्शीद आलम, सौदागर साह, एकबाली राम, संजय पटेल, मनोज सहनी, जुगल किशोर सिंह, शाहिद हुसैन, तबरेज आलम, नरेश रावत, हसनैन अंसारी, मुन्ना कुशवाहा, रवि आलम, गफ्फार मियां सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि मुहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था के दायरे में मनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here