

बेतिया/मझौलिया। पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया में बीएलटीएफ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रसाद ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस तथा अन्य सहयोगी विभागों के अधिकारियों ने भाग लेते हुए आगामी अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।बैठक में बताया गया कि 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान के दौरान प्रखंड क्षेत्र के शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियोरोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए बूथों की स्थापना, घर-घर सर्वेक्षण, टीमों की तैनाती तथा छूटे हुए बच्चों की पहचान एवं उन्हें दवा पिलाने की विशेष व्यवस्था की गई है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रसाद ने कहा कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे का छूटना अभियान के उद्देश्य को प्रभावित कर सकता है, इसलिए शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए।सीडीपीओ पूनम कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं। बैठक में अभियान की निगरानी व्यवस्था, माइक्रोप्लान तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर भी चर्चा की गई। मौके पर डॉ. लुकमान, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक शकील अहमद, मनिला देवी, रविंद्र शर्मा सहित कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।










