नेपाल में बर्ड फ्लू का बढ़ता खतरा, वीटीआर में अलर्ट।

0
38

Spread the love

एच5एन1 संक्रमण की आशंका को लेकर वाल्मीकि टाइगर रिजर्व प्रशासन सतर्क, पक्षियों, जलाशयों और पोल्ट्री फार्मों की निगरानी तेज।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- पड़ोसी देश नेपाल में बर्ड फ्लू (एच5एन1) के बढ़ते मामलों ने भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों की चिंता बढ़ा दी है। नेपाल के नवल परासी, चितवन सहित कई जिलों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए पूरे रिजर्व क्षेत्र में अलर्ट घोषित कर दिया है। वन विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। नेपाल में बर्ड फ्लू के प्रसार के बाद वहां की सरकार संक्रमित पोल्ट्री फार्मों में मुर्गियों को नष्ट करने और संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चला रही है। इसी को देखते हुए भारत की सीमा से लगे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में भी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। वीटीआर के डीएफओ विकास अहलावत ने बताया कि संक्रमण की संभावित आशंका को देखते हुए वन क्षेत्राधिकारियों, पशु चिकित्सकों और फील्ड स्टाफ को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही जंगल से सटे पोल्ट्री फार्मों की निगरानी भी तेज कर दी गई है ताकि संक्रमण की किसी भी संभावित कड़ी को समय रहते चिन्हित किया जा सके। उन्होंने बताया कि पक्षियों के व्यवहार, भोजन की आदतों, उड़ान के पैटर्न अथवा स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार के असामान्य बदलाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वनकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि यदि किसी पक्षी के बीमार होने या असामान्य मृत्यु की सूचना मिले तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
वन विभाग की निगरानी टीमों ने रिजर्व के प्रमुख जलाशयों, वाटरहोल्स और वन्यजीवों की अधिक उपस्थिति वाले क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया है। अब तक की जांच में सभी पक्षी और वन्यजीव सामान्य एवं स्वस्थ पाए गए हैं। इसके बावजूद विभाग किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहता और 24 घंटे निगरानी व्यवस्था लागू कर दी गई है। हालांकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं कोई मृत, घायल या बीमार पक्षी दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें। नेपाल में बढ़ते संक्रमण के बीच वीटीआर प्रशासन की सतर्कता वन्यजीवों और जैव विविधता की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here