

लौरिया से दीपक सिंह की रिपोर्ट
लौरिया। जन सुराज के सूत्रधार एवं संस्थापक प्रशांत किशोर के पश्चिम चंपारण आगमन पर शुक्रवार को लौरिया ब्लॉक चौक राजनीतिक उत्साह और जनसैलाब का केंद्र बन गया। गोबरौरा गांव जाने के दौरान ब्लॉक चौक पर जन सुराज के जिला सचिव अजय ठाकुर उर्फ गोल्डेन बाबा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका अभूतपूर्व एवं भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से लदे प्रशांत किशोर के स्वागत में समर्थकों ने जोरदार नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र जन सुराजमय हो गया। चौक पर काफी देर तक उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं में विशेष जोश देखने को मिला। कई समर्थक उनकी एक झलक पाने के लिए सड़क किनारे घंटों इंतजार करते रहे। वही स्वागतकर्ता में पिंटू ठाकुर,चन्दन,सूरज ठाकुर,अंबुज ठाकुर,अनूप ठाकुर,सतीश सचिन,अनमोल,सोनू,सोनू मितवा सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद थे. इसके बाद प्रखंड के गोबरौरा गांव में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के सभी प्रखंडों में जन सुराज संगठन को मजबूत बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और अगले तीन-चार महीनों में बिहार बदलाव का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि आगामी त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव में जन सुराज जिला परिषद, वार्ड सदस्य, पंच सहित विभिन्न पदों पर अपने कार्यकर्ताओं को पार्टी के झंडे तले चुनाव मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में जनता के मूल मुद्दों की बजाय जाति और धर्म की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जबकि रोजगार, शिक्षा, पलायन और भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। परिवारवाद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि लोग नेताओं का चेहरा देखकर वोट देते रहेंगे तो नेताओं के परिवार आगे बढ़ेंगे और आम लोगों के बच्चों के अवसर सीमित होते जाएंगे। उन्होंने कहा कि जन सुराज हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहने के लिए प्रतिबद्ध है। मौके पर जिला अध्यक्ष कुंदन पांडेय, महासचिव मुन्ना पासवान,संतोष चौधरी, सुमित विद्रोही,कमलेश चौधरी,संजय राय,राजीव पांडेय, गीता पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।









