

महुअवा जनसंवाद में थारू समाज से किया आह्वान, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को बताया विकास का आधार
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर: जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि थारू समाज सहित सभी वंचित और पिछड़े वर्गों को राजनीति में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए, लेकिन केवल प्रतिनिधित्व मिलने से समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। इसके लिए आवश्यक है कि समाज के शिक्षित, जागरूक और जनहित के प्रति समर्पित लोग नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालें। उन्होंने कहा कि सक्षम नेतृत्व ही समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ सकता है। शनिवार को बिहार नव निर्माण अभियान के तहत महुअवा गांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रशांत किशोर ने थारू समाज के प्रतिनिधियों, जनसुराज कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक और विकास संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि यदि योग्य और दूरदर्शी लोग नेतृत्व की भूमिका में नहीं आएंगे तो राजनीतिक भागीदारी का वास्तविक लाभ समाज तक नहीं पहुंच पाएगा। समाज को ऐसे लोगों का चयन करना चाहिए जो स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने की क्षमता रखते हों और जनता के हितों को सर्वोपरि मानते हों।
प्रशांत किशोर ने कहा कि थारू समाज ने विभिन्न स्तरों पर जनप्रतिनिधियों को चुनकर नेतृत्व का अवसर दिया है। उन्होंने जिला परिषद अध्यक्ष जैसे पदों की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह पद किसी सांसद या विधायक से कम महत्वपूर्ण नहीं है। यदि जनप्रतिनिधियों में इच्छाशक्ति और सेवा भावना हो तो वे अपने क्षेत्र में व्यापक बदलाव ला सकते हैं तथा विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदाय से आने वाले प्रतिनिधियों को अक्सर कमजोर समझा जाता है और यह धारणा बनाई जाती है कि वे स्वतंत्र निर्णय नहीं ले सकते। ऐसी सोच को बदलने की जरूरत है। समाज को ऐसे प्रतिनिधियों को आगे बढ़ाना चाहिए जो किसी दबाव में नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप कार्य करें। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के विकास के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत मुद्दों को राजनीति के केंद्र में लाना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय थारू कल्याण महासंघ के सचिव राजकुमार महतो ने की, जबकि संचालन अंबेडकर मंच के अध्यक्ष एवं वाल्मीकिनगर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी दृगनारायण प्रसाद ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और जनसुराज समर्थक उपस्थित रहे।









