

सीमावर्ती गांवों का दौरा कर विकास कार्यों का दिया भरोसा, एसएसबी कैंप पहुंच सीमा सुरक्षा की ली जानकारी।
ब्यूरो विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट
बेतिया/वाल्मीकिनगर : क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा लगातार ग्रामीण इलाकों का दौरा कर लोगों से संवाद कर रहे हैं। गुरुवार को विधायक ने नवका टोला, चकदहवा, बीन टोला, कान्ह टोला और झंडू टोला सहित कई गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
दौरे के दौरान विधायक सबसे पहले नवका टोला पहुंचे, जहां उन्होंने वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को दिए गए नोटिस के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग की ओर से एक सप्ताह के भीतर भूमि खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है, जिससे लोगों में भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विधायक ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि मामले को संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा तथा प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।इसके बाद विधायक लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत के चकदहवा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जर्जर सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। खराब सड़क के कारण ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानियों से अवगत होते हुए उन्होंने जल्द सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में यह सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों और मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। चकदहवा स्थित रोहुआ टोला राजकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए विधायक ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है और विद्यालय की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। विधायक ने बीन टोला, कान्ह टोला और झंडू टोला के ग्रामीणों से भी मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सेवा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं उनके समक्ष रखीं। विधायक ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए पहल शुरू कर दी गई है और बहुत जल्द समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। अपने दौरे के क्रम में विधायक चकदहवा स्थित एसएसबी कैंप भी पहुंचे, जहां उन्होंने सहायक कमांडेंट अवधेश प्रसाद से मुलाकात कर भारत-नेपाल सीमा के चकदहवा एवं सुस्ता बॉर्डर की स्थिति की जानकारी ली। सीमा सुरक्षा, आवागमन और स्थानीय गतिविधियों को लेकर दोनों के बीच चर्चा हुई। विधायक ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।










