सुरक्षित शनिवार’ में बच्चों ने सीखा लू से बचाव, चिड़ियों के लिए बनाए नारियल के घोंसले,

0
43

Spread the love

इको क्लब ‘मिशन फॉर लाइफ’ के तहत आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता, विजेताओं को किया गया सम्मानित।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर : पीएम श्री +2 नदी घाटी योजना उच्च विद्यालय, वाल्मीकिनगर में शनिवार को “सुरक्षित शनिवार” कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को भीषण गर्मी, लू और हीट वेव से बचाव के उपाय बताए गए, वहीं पर्यावरण संरक्षण एवं पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से “नारियल से चिड़ियों के घोंसले बनाने” की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 09:45 बजे हुई। नोडल शिक्षक पवन कुमार ने गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति के माध्यम से बच्चों को गर्मी के मौसम में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हीट वेव के दौरान शरीर को हाइड्रेट रखना, पर्याप्त पानी पीना, सिर ढंककर बाहर निकलना तथा तेज धूप से बचना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विजय कुमार ने किया। इसके बाद विद्यालय में “इको क्लब मिशन फॉर लाइफ” के तहत मई 2026 की विशेष गतिविधि के अंतर्गत “चिड़ियों के लिए नारियल से घोंसला बनाने” की प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक, मजबूत और पर्यावरण अनुकूल घोंसले तैयार किए। विद्यार्थियों की कलात्मकता और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता ने सभी को प्रभावित किया। निर्णायक मंडल द्वारा चयनित श्रेष्ठ मॉडलों में कक्षा 12वीं की छात्रा रानी कुमारी को प्रथम तथा कक्षा 9वीं के छात्र यश कुमार को द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। दोनों प्रतिभागियों को कॉपी और मेडल देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार राव ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में बेजुबान पक्षियों और जीवों के लिए पानी एवं भोजन की व्यवस्था करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से अपने घरों की छत, आंगन एवं पेड़ों पर पक्षियों के लिए पानी रखने की अपील की। प्रधानाध्यापक ने बताया कि “नारियल से घोंसला बनाने” जैसी अभिनव गतिविधि का श्रेय जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, बेतिया) श्रीमती गार्गी को जाता है, जिनकी नवाचारी सोच एवं प्रगतिशील पहल से विद्यालयों में पर्यावरण और जीव संरक्षण को लेकर नई चेतना विकसित हो रही है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक बिपिन कुमार मिश्रा, सत्यनारायण ठाकुर, चंदन कुमार, सुभाष कुमार, मोफिलदेव पासवान, ओमप्रकाश सिंह, संजय कुमार, मुन्ना कुमार राम, बलजीत कुमार, भगवती कुमावत, मिन्नत प्रवीण, आरती कुमारी, वंदना कुमारी, ऋतु सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here