

मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट..
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड स्थित गुदरा पंचायत के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय गुदरा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर एक छात्र के भाई की पिटाई करने का आरोप लगा। घटना के बाद विद्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों ने थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, गुदरा गांव निवासी रामबालक महतो का पुत्र करण कुमार अपने छोटे भाई के नामांकन से संबंधित बैंक पासबुक की फोटो कॉपी जमा करने विद्यालय पहुंचा था। आरोप है कि किसी बात को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक भोला प्रसाद यादव और करण कुमार के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि प्रधानाध्यापक पर करण कुमार की पिटाई करने का आरोप लग गया।

परिजनों का कहना है कि करण कुमार को बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। करण कुमार के साथ मौजूद विकेश कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन विद्यालय पहुंचे और प्रधानाध्यापक से जवाब-तलब करने लगे। इसी दौरान विद्यालय परिसर में माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों के साथ गाली-गलौज की तथा महिलाओं के साथ भी अशोभनीय व्यवहार किया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ विद्यालय में जुट गई, जिससे स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।मामले की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इधर, प्रधानाध्यापक भोला प्रसाद यादव ने भी मझौलिया थाना में आवेदन देकर छात्र और उसके परिजनों पर मारपीट एवं दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। वहीं छात्र पक्ष ने भी प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ।










