पर्यटन मंत्री को वाल्मीकिनगर आने का न्योता, युवा समाजसेवी नितेश ने सौंपा पर्यटन स्थलों का एल्बम।

0
18

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के चम्पापुर गोनौली पंचायत के युवा सामाजिक कार्यकर्ता नितेश कुमार ने बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता से मुलाकात कर उन्हें मंत्रीमंडल में शामिल होने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस दौरान नितेश कुमार ने वाल्मीकिनगर एवं टाइगर रिजर्व क्षेत्र के पर्यटन, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों से जुड़ा एक विशेष एल्बम मंत्री को भेंट किया तथा उन्हें वाल्मीकिनगर आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मुलाकात के दौरान नितेश कुमार ने मंत्री को वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता तथा क्षेत्र के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वाल्मीकिनगर क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें विकसित कर बिहार के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है। नितेश कुमार ने मंत्री के समक्ष प्रस्तावित लव-कुश पार्क, नंदी भौजी पोखर, वाल्मीकि सभागार, चम्पापुर गोनौली क्षेत्र, विभिन्न छठ घाटों के सौंदर्यीकरण तथा वन प्रक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले धार्मिक स्थलों जैसे नरदेवी, जटाशंकर, हरैया कोट, मदनपुर सोनासती, कालेश्वर मंदिर, इको पार्क एवं वाल्मीकिनगर बराज सहित कई प्रमुख स्थलों की जानकारी रखी। उन्होंने कहा कि यदि इन स्थलों का समुचित विकास किया जाए तो देश-विदेश से पर्यटक बड़ी संख्या में यहां पहुंच सकते हैं। युवा समाजसेवी नितेश कुमार ने बताया कि पर्यटन मंत्री ने उनके निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार कर लिया है और जल्द ही वाल्मीकिनगर आगमन की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंत्री के आगमन से क्षेत्र में पर्यटन विकास की नई संभावनाओं को बल मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक मजबूती भी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि “बिहार का कश्मीर” कहे जाने वाले वाल्मीकिनगर की प्राकृतिक छटा, जंगल सफारी, धार्मिक आस्था और नेपाल सीमा से सटे खूबसूरत वातावरण को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री के संभावित दौरे को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटन प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here