रोहुआ टोला में बही भक्ति की बयार

0
19

Spread the love

551 कन्याओं की कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ 48 घंटे का राम नाम संकीर्तन

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत अंतर्गत रोहुआ टोला गांव बुधवार को पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गया, जब शीतला माई मंदिर परिसर में 48 घंटे के अखंड राम नाम संकीर्तन का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में 551 कन्याओं ने गंडक नदी के कालीघाट से कलश में पवित्र जल भरकर लगभग पांच किलोमीटर की पदयात्रा की। यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत की मुखिया मालती देवी के नेतृत्व में निकली इस भव्य कलश यात्रा में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। धार्मिक आस्था से ओतप्रोत इस यात्रा में 100 से अधिक वाहन भी शामिल रहे। आयोजन को सफल बनाने में भाजपा नेता सुमन कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ भाजपा नेता मुकेश मिश्रा, हरिलाल प्रसाद, पिंटू कुमार, टूना कुमार, वीरू सिंह तथा बीडीसी प्रतिनिधि मुन्ना कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
चिलचिलाती धूप और गर्म सड़कों के बीच नंगे पांव चल रही कन्याओं की सेवा के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं ने विशेष व्यवस्था की थी। गंडक बराज, तीन आरडी पुल चौक, हवाई अड्डा चौक और लक्ष्मीपुर चौक पर लोगों ने कन्याओं के पैरों पर ठंडा पानी डालकर सनातन संस्कृति और सेवा भावना का परिचय दिया। जगह-जगह श्रद्धालु जयघोष करते हुए कन्या सेवा में जुटे दिखाई दिए। मुखिया मालती देवी ने बताया कि पंचायत के ग्रामीणों की इच्छा पर सार्वजनिक रूप से इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया है और इसी सहयोग का परिणाम है कि आज यह विशाल धार्मिक आयोजन संपन्न हो रहा है। वहीं, आयोजन समिति की ओर से जानकारी दी गई कि यज्ञ स्थल पर लगातार 48 घंटे तक भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। विभिन्न मठ-मंदिरों के साधु-संतों को भी आमंत्रित किया गया है। सुमन कुमार सिंह ने बताया कि आगंतुक साधु-संतों को अंग वस्त्र देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी जाएगी। धार्मिक उत्साह और सामूहिक सहयोग से रोहुआ टोला इन दिनों पूरी तरह राममय हो उठा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here