बहन पर भाई की जमीन हड़पने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच।

0
53

Spread the love

मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।

बेतिया/मझौलिया। मझौलिया थाना क्षेत्र के रामनगर बनकट पंचायत अंतर्गत भटवलिया वार्ड संख्या 04 में जमीन फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पीड़ित मो. शब्बीर आलम ने अपनी बहन अफसाना खातुन, पहचानकर्ता तथा गवाहों पर साजिश के तहत उनकी जमीन अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने मझौलिया थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष अमर कुमार ने जांच की जिम्मेदारी एसआई विकास कुमार को सौंपी है। आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और डीआईजी को भी भेजी गई है।
आवेदन के अनुसार 30 सितंबर 2019 को सगौली थाना क्षेत्र के छपरा बहास निवासी सोबराती मियां ने खाता संख्या 55, खेसरा संख्या 1221 की कुल 4 कट्ठा 8 धुर जमीन अफसाना खातुन और शब्बीर आलम के संयुक्त नाम से खरीदी थी। आरोप है कि बाद में अफसाना खातुन ने कथित रूप से फर्जी तरीके से दूसरे व्यक्ति को शब्बीर आलम बनाकर कोर्ट में प्रस्तुत किया और 10 अगस्त 2023 को शब्बीर आलम के हिस्से की जमीन अपने नाम रजिस्ट्री करा ली।पीड़ित का कहना है कि यदि रजिस्ट्री कार्यालय में उपलब्ध फोटो, बायोमेट्रिक और दस्तावेजों की गहन जांच कराई जाए तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उक्त जमीन को 1 सितंबर 2025 को रामनगर बनकट निवासी मो. आलम के हाथों बेच दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा संबंधित दस्तावेजों और बायोमेट्रिक रिकॉर्ड की जांच की तैयारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here