

लौरिया से अखिलेश उर्फ दीपक सिंह की रिपोर्ट
लौरिया। प्रखंड के धोबनी पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर को सफल बनाने को लेकर जीविका समूह की महिलाओं का प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदियों ने भाग लिया और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी हासिल की। प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए जीविका दीदियों को गांव-गांव जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को शिविर तक लाने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि 19 मई से तेलपुर, देउरवा और बगही बसवरिया पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रखंड परियोजना प्रबंधक ललन कुमार ने कहा कि यह पहल ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने दीदियों से पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में आने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्मुखीकरण में पेंशन, राशन कार्ड, आधार अपडेट, बैंकिंग सेवाएं और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कोई भी पात्र लाभुक योजना से वंचित नहीं रहेगा।










