विदेशी पर्यटकों के आगमन से गुलजार हुआ वीटीआर, वन प्रशासन में उत्साह।

0
19

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:। पर्यटन नगरी वाल्मीकिनगर में रविवार का दिन खास बन गया, जब विदेशी पर्यटकों के आगमन ने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) की रौनक बढ़ा दी। यूएसए से आए विलियम ली गोल्ड और उनकी पत्नी एरिका फ्रांसिस गोल्ड के स्वागत में वन प्रशासन और जंगल कैंप के कर्मियों ने गर्मजोशी दिखाई। विदेशी मेहमानों के पहुंचते ही पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जंगल कैंप में पहुंचने पर वन कर्मियों ने पारंपरिक अंदाज में दोनों पर्यटकों का स्वागत किया। इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर दंपति ने ‘थैंक यू’ कहकर अपनी खुशी जाहिर की। उनके चेहरे पर संतोष और उत्साह साफ झलक रहा था। अक्टूबर 23 से शुरू हुए पर्यटन सत्र 2025-26 में यह पांचवां अवसर है जब कोई विदेशी पर्यटक वीटीआर भ्रमण के लिए वाल्मीकिनगर पहुंचा है।


वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले पर्यटन सत्र 2024-25 में कुल 31 विदेशी पर्यटक वीटीआर पहुंचे थे, जिससे इस क्षेत्र की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई थी। इस वर्ष भी विदेशी पर्यटकों का लगातार आगमन होने की उम्मीद जताई जा रही है, जो स्थानीय पर्यटन उद्योग के लिए सकारात्मक संकेत है। रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि विदेशी पर्यटकों का बढ़ता रुझान वीटीआर के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि विभाग पर्यटकों के स्वागत और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दे रहा है, ताकि यहां आने वाले मेहमानों को बेहतर अनुभव मिल सके। विदेशी दंपति ने बताया कि उन्होंने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के बारे में जानकारी इंटरनेट के माध्यम से प्राप्त की थी। नेपाल के लुंबिनी से यात्रा करते हुए वे सुनौली बॉर्डर के रास्ते भारत में प्रवेश कर सीधे वाल्मीकिनगर पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने वन विभाग के स्वागत कक्ष में बैठकर वीटीआर की जैव विविधता, वन्यजीवों और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। वन्यजीवों को करीब से देखने की इच्छा के चलते दंपति ने जंगल सफारी का भी आनंद लिया। उनकी यह यात्रा न केवल उनके लिए यादगार रही, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी नई ऊर्जा देने वाली साबित हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here