

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड के महोदीपुर भट्ट टोला स्थित एलेन इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में 9वां वार्षिकोत्सव उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीडीओ डॉ. राजीव रंजन, थानाध्यक्ष अमर कुमार तथा विद्यालय के निदेशक अमरुल आलम द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।अपने संबोधन में बीडीओ डॉ. राजीव रंजन ने शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। वहीं थानाध्यक्ष अमर कुमार ने कहा कि अनुशासन, समर्पण और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता से ही विद्यार्थी जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है।

विद्यालय के निदेशक अमरुल आलम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन का समावेश बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे। मंच संचालन अमृता राज द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।इस अवसर पर एच .एम अमरेश श्रीवास्तव सहित शिक्षक गोस्वामी सुभाष भारती, समीर आलम, मनीष कुमार, सूरज कुमार, उजाला सिंह, अमीर आलम, पुष्पांजलि कुमारी, लाडली कुमारी एवं रबीना कुमारी ने शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं—ऋतिका कुमारी, पल्लवी कुमारी, स्नेहा कुमारी, हंस कुमार, इशांत सिंह, निशा कुमारी, सिद्धार्थ कुमार और शाहीन प्रवीण—को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त किया।










