घर में घुसकर चोरी व तोड़फोड़, पीड़ित ने थाने में लगाई गुहार।

0
14

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के नरैनापुर वार्ड संख्या-07 में एक गंभीर चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित सुजीत शंकर सिंह ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन के अनुसार, सुजीत शंकर सिंह ने हाल ही में 16 मार्च 2026 को नई चार पहिया गाड़ी इनोवा हाइक्रॉस जेडएक्सओ खरीदी थी। आरोप है कि 01 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर में घुसकर गाड़ी के पिछले हिस्से का शीशा तोड़ दिया, जिससे करीब 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा घर में रखे पीतल के बर्तन और चावल का बोरा भी चोरी कर लिया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है। पीड़ित ने अपने आवेदन में दो व्यक्तियों क्रमशः संतोष कुमार सिंह और तुफानी कुशवाहा पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। दोनों आरोपित शिवनाहा गांव के निवासी बताए गए हैं। पीड़ित का कहना है कि जब वह आरोपितों से पूछताछ करने गया, तो उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए धमकी दी कि यदि कहीं शिकायत की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि दोनों आरोपित पूर्व से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके विरुद्ध पहले भी वाल्मीकिनगर थाने में मामला दर्ज है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित स्वयं को उग्रवादी संगठन से जुड़ा बताते हैं और अक्सर उन्हें परेशान करते रहते हैं।
घटना के बाद से पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here