वाई-फाई से बढ़ा जंगल का रोमांच, एसी लग्जरी सफारी से बदला वीटीआर का पर्यटन अनुभव।

0
10

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में जंगल सफारी अब सिर्फ प्रकृति दर्शन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह आधुनिक सुविधाओं के साथ एक नया अनुभव बनती जा रही है। वन प्रशासन की पहल पर यहां वाई-फाई और एसी से लैस लग्जरी सफारी वाहनों की शुरुआत ने पर्यटन को एक नया आयाम दे दिया है। इससे न केवल पर्यटकों की सुविधा बढ़ी है, बल्कि वाल्मीकिनगर का नाम भी पर्यटन के नक्शे पर तेजी से उभर रहा है। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए वन विभाग ने हाल ही में आठ नई आधुनिक सफारी गाड़ियों को बेड़े में शामिल किया है। पहले जहां केवल नौ वाहनों के सहारे सफारी संचालित होती थी, वही अब संख्या बढ़ने से व्यवस्था अधिक सुचारु हो गई है। इससे पर्यटकों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा और वे आसानी से जंगल सफारी का आनंद ले पा रहे हैं। इन नई सफारी गाड़ियों की सबसे खास बात इनमें उपलब्ध वाई-फाई सुविधा है। आमतौर पर जंगल के भीतर मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण पर्यटक बाहरी दुनिया से कट जाते थे, लेकिन अब वे सफारी के दौरान ही अपने मोबाइल से वीडियो कॉल कर जंगल के खूबसूरत नजारे अपने परिजनों और दोस्तों को लाइव दिखा रहे हैं। खासकर युवा वर्ग और सोशल मीडिया प्रेमियों में इस सुविधा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए सफारी वाहनों में वातानुकूलित (एसी) सुविधा भी दी गई है। पहले तेज धूप और उमस के कारण सफारी करना कई बार असहज हो जाता था, लेकिन अब पर्यटक ठंडे और आरामदायक वातावरण में जंगल का आनंद ले रहे हैं। इससे उनके अनुभव में न केवल सुधार हुआ है, बल्कि वे बार-बार यहां आने के लिए भी प्रेरित हो रहे हैं। हालांकि, जंगल कैंप से बाहर नेटवर्क की समस्या अब भी बनी हुई है। विशेषकर ऊपरी शिविर और 3 नंबर पहाड़ क्षेत्र में मोबाइल सिग्नल नहीं मिलने से पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इसके समाधान के लिए कई बार मांग भी उठाई जा चुकी है। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की टीम द्वारा कई बार क्षेत्र का सर्वे किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका है। नेटवर्क की इस समस्या से स्थानीय लोग और पर्यटक दोनों ही परेशान हैं और सरकारी स्तर पर त्वरित कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। इन चुनौतियों के बावजूद वन विभाग द्वारा जंगल कैंप और सफारी वाहनों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराना एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। इससे पर्यटकों को कम से कम सफारी के दौरान कनेक्टिविटी की समस्या से निजात मिल रही है। कुल मिलाकर, आधुनिक तकनीक और सुविधाओं से लैस ये लग्जरी सफारियां वाल्मीकिनगर में पर्यटन के स्वरूप को बदल रही हैं। अब यहां आने वाले पर्यटक न केवल प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों का रोमांच महसूस कर रहे हैं, बल्कि डिजिटल कनेक्टिविटी के साथ अपने अनुभव को दुनिया से साझा भी कर पा रहे हैं। यही पहल वीटीआर को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here