

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- वाल्मीकि व्याघ्र परियोजना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वाल्मीकिनगर से बगहा जाने वाली मुख्य सड़क पर एक विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया। करीब 8 फीट लंबा यह मगरमच्छ सड़क के बीचों-बीच बैठा हुआ था, जिसे देख चार पहिया वाहन से गुजर रहे पर्यटक हैरान रह गए। इस अनोखी घटना का वीडियो पर्यटकों ने अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मगरमच्छ बेखौफ होकर सड़क पर टहल रहा है। माना जा रहा है कि यह मगरमच्छ किसी नदी या तालाब से निकलकर रास्ता भटक गया और मुख्य सड़क तक पहुंच गया। घटना के दौरान कार सवार लोगों ने बार-बार हॉर्न बजाकर उसे हटाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ। करीब कुछ देर तक वाहन चालक असमंजस में खड़े रहे। आखिरकार हिम्मत जुटाकर कुछ लोग कार से उतरे और शोर मचाकर मगरमच्छ को सड़क से हटाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ धीरे-धीरे सड़क किनारे झाड़ियों की ओर चला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका और वाहन आगे बढ़ सके। इस घटना ने न केवल पर्यटकों बल्कि स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल बना दिया है। खासकर रात के समय इस मार्ग से गुजरने वाले लोग अब अधिक सतर्कता बरत रहे हैं। इस संबंध में वाल्मीकिनगर रेंज के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के आसपास स्थित नदी-नालों में मगरमच्छों की संख्या में वृद्धि हुई है। भोजन और शिकार की तलाश में ये मगरमच्छ अब जंगल से बाहर निकलकर सड़कों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि वाल्मीकिनगर-बगहा मुख्य मार्ग के दोनों ओर घना जंगल है और रात में यहां मानव गतिविधि कम रहती है, जिससे वन्यजीवों का सड़क पर आना असामान्य नहीं है। वन विभाग ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराएं नहीं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही, रात के समय इस मार्ग पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।










