समय पर होंगे पंचायत चुनाव, परिसीमन यथावत : मंत्री दीपक प्रकाश, कन्वेंशन सेंटर में उठे पंचायत के मुद्दे।

0
34

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:-वाल्मकि नगर स्थित कन्वेंशन सेंटर मंगलवार की सुबह उस समय राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बन गया, जब स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पंचायत से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से मुलाकात की। जिला परिषद अध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में बीडीसी प्रतिनिधि प्रेम कुमार, वाल्मीकिनगर पंचायत के उपमुखिया रवि प्रकाश गुप्ता, ईडीसी अध्यक्ष संतोष काजी, अभिमन्यु कुमार तथा लक्ष्मीपुर रमपुरवा पंचायत के वार्ड सदस्य कमलेश कुमार कुशवाहा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल थे। सभी ने एकजुट होकर वाल्मीकिनगर पंचायत में अब तक पंचायत सरकार भवन, कन्या विवाह भवन और कचरा प्रबंधन भवन का निर्माण नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि इन बुनियादी ढांचों के अभाव में पंचायत स्तर पर विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
मंत्री दीपक प्रकाश ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि पंचायत सरकार भवन, कन्या विवाह भवन और कचरा प्रबंधन भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और पंचायतों को मजबूत करना उसकी प्राथमिकता में शामिल है। अपने तीन दिवसीय पश्चिमी चंपारण दौरे की जानकारी साझा करते हुए मंत्री ने बताया कि उन्होंने विभिन्न प्रखंडों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया है। वाल्मीकिनगर पहुंचकर उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा कराए गए विकास कार्यों का अवलोकन किया और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यहां विशेष विकास योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से उभरेगा। दौरे के क्रम में मंत्री ने लक्ष्मीपुर गांव में पार्टी नेता राजेश राम के आवास पर करीब 100 कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती पर भी चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं और संगठन को मजबूत बनाएं। पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि बिहार में पंचायत चुनाव के परिसीमन में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव पुराने परिसीमन के आधार पर ही निर्धारित समय पर कराए जाएंगे। चुनाव आयोग के सहयोग से जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जाएगी और साल के अंत तक चुनाव संपन्न कराने की योजना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि परिसीमन में बदलाव से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें।
दौरे के दौरान मंत्री दीपक प्रकाश ने परिवार के साथ वाल्मीकिनगर में जंगल सफारी का भी आनंद लिया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें सांभर और बिहार के राजकीय पशु गौर (जंगली भैंसा) का दीदार हुआ, जो उनके लिए खास रहा। हालांकि बाघ के दर्शन नहीं हो सके, लेकिन उसके पदचिह्नों को देखकर रोमांचक अनुभव हुआ।
अंत में मंत्री ने कहा कि सरकार वाल्मीकिनगर के समग्र विकास और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर पूरी तरह गंभीर है और आने वाले समय में यहां और भी विकास कार्य देखने को मिलेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here