शौच के लिए निकली किशोरी का अपहरण, शादी की नीयत से ले जाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।

0
37

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण का एक गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय ग्रामीण ने वाल्मीकिनगर थाना में आवेदन देकर अपनी 15 वर्षीय (नाबालिक) पुत्री के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित पिता ने बताया कि 27 मार्च की शाम करीब 9 बजे उनकी पुत्री शौच के लिए घर से बाहर गई थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे शिवानाहा झरहरवा गांव निवासी संजय कुमार राम और उसके पिता उदय शंकर राम ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया। काफी देर तक जब किशोरी घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल सका। खोजबीन के दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि आरोपित दोनों व्यक्ति लड़की को शादी की नीयत से अपने साथ ले गए हैं। जब पीड़ित परिवार आरोपितों के घर पहुंचा और पूछताछ की, तो वहां मौजूद लोगों ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और कहा कि लड़की को उनके बेटे के साथ भगा दिया गया है। परिजनों द्वारा लगातार प्रयास के बावजूद किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर अंततः थाना में आवेदन दिया गया। इस घटना से परिवार में भय और गहरा आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित पिता ने पुलिस प्रशासन से अपनी पुत्री की सकुशल बरामदगी तथा आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here