मेहनत और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी :- प्रधानाध्यापक अभिमन्यु कुमार

0
146

Spread the love

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।

बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड के अरनहवा मठ स्थित बिहार सरकार से मान्यता प्राप्त श्री राम जानकी विद्या मंदिर एक बार फिर शिक्षा और संस्कार का उत्कृष्ट केंद्र बनकर सामने आया, जहां मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और गर्व के वातावरण से सराबोर नजर आया।इस अवसर पर उन छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने इसी विद्यालय से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त कर मैट्रिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी सफल विद्यार्थियों को फूल-माला पहनाकर, मोमेंटो, मेडल एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में शमशेर आलम, समीक्षा कुमारी, सुधा कुमारी, सांवली कुमारी, आदर्श कुमार, कृपा कुमारी और संजीव कुमार समेत कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इस दौरान छात्रों के चेहरे पर खुशी, आत्मविश्वास और उपलब्धि की चमक साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक अमरदेव प्रसाद ने कहा कि यह संस्थान केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत, समर्पण और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्रों को आगे भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं प्रधानाध्यापक अभिमन्यु कुमार ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, “जो पढ़ेगा वही बढ़ेगा।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह विद्यालय माध्यमिक शिक्षा का ऐसा सशक्त केंद्र है, जहां से हर बच्चा अपनी प्रतिभा को निखारकर जीनियस बन सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। समारोह के दौरान मैथमेटिक्स कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर वासुदेव कुमार ने भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शैलेश कुमार, अजय साह, संजीव कुमार, अनिल कुमार, झुना कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक मंटू कुमार यादव, राजू कुशवाहा, विकास कुशवाहा, कुशाग्र सिंह, सुनील सिंह, कृष मोहन ओझा, सत्येंद्र तिवारी, आदित्य कुमार तथा शिक्षिका नाजिया खातून, मोबिना खातून, अंजू कुमारी सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यक्रम में मौजूद रहे।यह सम्मान समारोह न केवल छात्रों के लिए गर्व का पल बना, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत साबित हुआ। पूरे आयोजन ने शिक्षा के प्रति जागरूकता और आगे बढ़ने की नई ऊर्जा का संचार किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here