

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र की होनहार छात्रा कोमल कुमारी ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। पी०एम० श्री० +2 नदी घाटी योजना उच्च विद्यालय, वाल्मीकिनगर बगहा-2 (पश्चिम चंपारण) की छात्रा कोमल ने 500 अंकों में 475 अंक प्राप्त कर न केवल वाल्मीकिनगर में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि जिले में भी 9वां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। कोमल कुमारी, पिता साधु साहनी, ग्राम बिसहा (वाल्मीकिनगर) की निवासी हैं। उनका रोल कोड 54070 एवं रोल नंबर 2600014 है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। कोमल की सफलता इस बात का प्रमाण है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राकेश कुमार राव ने बताया कि कोमल शुरू से ही पढ़ाई में अत्यंत मेधावी रही हैं। वह पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेती रही हैं। उनकी लगन, नियमितता और सकारात्मक सोच ने उन्हें यह मुकाम दिलाया है। विद्यालय परिवार ने कोमल की इस सफलता पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि वह आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगी। स्थानीय लोगों ने भी कोमल की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलेगी। कोमल कुमारी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे वाल्मीकिनगर के लिए गर्व का विषय बन गई है।









