

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया बाजार स्थित टावर के समीप सारण मेडिकल में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर ड्रग विभाग की टीम ने औचक जांच की। बेतिया के ड्रग इंस्पेक्टर नगेंद्र कुमार, सतीश कुमार तथा कन्हैया किशोर की तीन सदस्यीय टीम ने संयुक्त रूप से दुकान की जांच करते हुए कई प्रकार की दवाओं की पड़ताल की और संदेह के आधार पर कुछ दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मझौलिया के युवा समाजसेवी उत्कर्ष उपाध्याय द्वारा की गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में दवाओं की गुणवत्ता और बिक्री को लेकर जांच कराने की मांग की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ड्रग विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मेडिकल दुकान की जांच की और स्टॉक में रखी दवाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने कई दवाओं के बैच, एक्सपायरी डेट और रखरखाव की स्थिति की भी जांच की। कुछ दवाओं को संदेहास्पद मानते हुए उनके सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है, जहां उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

इस संबंध में ड्रग इंस्पेक्टर नगेंद्र कुमार ने बताया कि दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला से सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मेडिकल दुकानदारों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दवा बिक्री के सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस दवा बिक्री, एक्सपायरी दवाओं का भंडारण या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ड्रग विभाग की इस कार्रवाई से मझौलिया बाजार के मेडिकल दुकानदारों में हड़कंप का माहौल देखा गया।









