होली-रमजान को लेकर पुलिस-एसएसबी का फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील।

0
28



Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस और एसएसबी के संयुक्त बल ने शनिवार को फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च का नेतृत्व वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमार एवं एसएसबी के निरीक्षक लोकेश बनिया ने किया। मार्च थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार तथा भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र सहित विभिन्न मार्गों से गुजरा। जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का मजबूत संदेश गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस एवं एसएसबी के जवानों ने आम नागरिकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और सत्यापित जानकारी के लिए प्रशासन से संपर्क करें। थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमर ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता के प्रतीक हैं। इन त्योहारों को मिलजुलकर मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था भंग करने या माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई बार असत्य और भ्रामक संदेशों के कारण अनावश्यक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसे में किसी भी संदिग्ध पोस्ट, वीडियो या संदेश को आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक सामग्री दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। भारत-नेपाल सीमा से सटे होने के कारण वाल्मीकिनगर क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीमा क्षेत्र में भी विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। एसएसबी के जवानों को गश्त तेज करने और आने-जाने वालों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। कुल मिलाकर प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि होली और रमजान के दौरान शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here