



जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर:- मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण इन दिनों खांसी, सर्दी और वायरल बुखार के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे में वाल्मीकिनगर पंचायत के विजयपुर गांव में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की पहल पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार को नि:शुल्क जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 250 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और मुफ्त दवाइयां प्राप्त की। गांवों में फैल रहे वायरल संक्रमण को लेकर लोगों में चिंता का माहौल था। विजयपुर, करमाबारी, नवका टोला और चरघरिया सहित आसपास के इलाकों में सैकड़ों लोग खांसी, सर्दी और बुखार से पीड़ित थे। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जब स्थिति की गंभीरता को महसूस किया तो स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर तत्काल स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की। पहल रंग लाई और विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया। शिविर में जीएनएम ऐन के सैनी ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि मौसम परिवर्तन के दौरान वायरल संक्रमण सामान्य है, लेकिन समय पर इलाज और सावधानी अत्यंत जरूरी है। उन्होंने लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, उबला हुआ पानी पीने और भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दी। हल्के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
इस आयोजन में पंचायत के भावी मुखिया प्रत्याशी अमित कुमार जायसवाल उर्फ बिट्टू जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग बीमार थे और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इलाज कराने में असमर्थ थे। ऐसे में सामाजिक दायित्व निभाते हुए स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर मुफ्त जांच एवं दवा वितरण की मांग की गई। विभाग द्वारा सकारात्मक पहल करते हुए जीएनएम एन.के. सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम भेजी गई। शिविर को सफल बनाने में स्वास्थ्य कर्मी विनय कुमार, समाजसेवी सुमन कुमार गुप्ता, रंजीत कुमार, पिंटू कुमार और अभिषेक जायसवाल ने सक्रिय सहयोग दिया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही मरीजों की लंबी कतार लगी रही। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने बुखार की जांच, रक्तचाप मापन और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया। अमित कुमार जायसवाल ने कहा कि “दीन-दुखियों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं है। हमारा प्रयास है कि वाल्मीकिनगर पंचायत के लोग स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सकें। यदि जनता की सेवा का अवसर मिलता है तो हम हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर रहेंगे।”स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते स्वास्थ्य शिविर लगने से बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे शिविर नियमित अंतराल पर आयोजित होने चाहिए ताकि गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकें। कुल मिलाकर, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल ने यह साबित कर दिया कि सामूहिक प्रयास से किसी भी समस्या का समाधान संभव है। यह स्वास्थ्य शिविर न केवल बीमारों के लिए राहत लेकर आया, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की मिसाल भी कायम कर गया।










