बखरिया पैक्स चुनाव में गोपीचंद यादव की शानदार जीत, 453 मतों से चौथी बार बने पैक्स अध्यक्ष।

0
206

Spread the love

बेतिया/मझौलिया। प्रखंड क्षेत्र के बखरिया पैक्स चुनाव का मतदान एवं मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव परिणाम में गोपचंद यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भनु यादव को 453 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर लगातार चौथी बार पैक्स अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उनकी जीत से समर्थकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। बखरिया पैक्स चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह रहा। मतदान के दिन सुबह से ही मतदाता केंद्र पर पहुंचने लगे और शांतिपूर्ण वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में कुल 2714 मतदाता थे, जिनमें से 1388 मतदाताओं ने मतदान किया। पूरे मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्र पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी, जिससे चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।मतदान समाप्त होने के बाद मझौलिया किसान भवन में देर रात तक मतगणना का कार्य चला। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में गोपचंद यादव और भनु यादव के बीच सीधा मुकाबला था। मतगणना पूरी होने पर गोपीचंद यादव को 884 मत प्राप्त हुए, जबकि भानु यादव को 431 मत मिले। इस प्रकार गोपीचंद यादव ने 453 मतों के निर्णायक अंतर से विजय हासिल की।परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे फोड़कर तथा अबीर गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया। बड़ी संख्या में लोगों ने विजयी प्रत्याशी को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में पैक्स के विकास की उम्मीद जताई। निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन ने विजयी प्रत्याशी गोपीचंद यादव को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेट सह नोडल कृषि समन्वयक राजाराम प्रसाद की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। जीत के बाद पैक्स अध्यक्ष गोपचंद यादव ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें लगातार चौथी बार सेवा का अवसर दिया है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा, पैक्स की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा क्षेत्र के किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। उन्होंने सभी मतदाताओं एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here