मास्को से वीटीआर पहुंचा विदेशी पर्यटक, अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ा वाल्मीकिनगर।

0
24

Spread the love

विदेशी मेहमान के स्वागत से उत्साहित दिखे वनकर्मी, वीटीआर की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता ने जीता दिल।

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- पर्यटन नगरी वाल्मीकिनगर के लिए शनिवार का दिन खास रहा, जब रूस की राजधानी मास्को से आए एक विदेशी पर्यटक ने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) का भ्रमण किया। विदेशी पर्यटक के आगमन से न केवल पर्यटन गतिविधियों को नई ऊर्जा मिली, बल्कि वीटीआर की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी बल मिला। जंगल कैंप पहुंचने पर वन विभाग के कर्मियों ने विदेशी मेहमान का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे वे काफी प्रभावित नजर आए। मास्को निवासी सेरेगेई चिकिरिस अपने वाल्मीकिनगर निवासी मित्र नियाज़ अहमद के साथ शनिवार की देर शाम जंगल कैंप पहुंचे। वनकर्मियों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर उन्होंने मुस्कुराते हुए “थैंक यू वीटीआर” कहा। विदेशी मेहमान की यह प्रतिक्रिया वहां मौजूद वनकर्मियों और पर्यटकों के लिए उत्साह का विषय बन गई। वीटीआर भ्रमण के दौरान सेरेगेई चिकिरिस ने जंगल सफारी का आनंद लिया और यहां की प्राकृतिक संपदा को करीब से देखा। उन्होंने बताया कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व बेहद खूबसूरत और शांतिपूर्ण स्थान है। भगवान बुद्ध की पावन भूमि के निकट स्थित होने के कारण यहां एक अलग तरह की आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है। सफारी के दौरान उन्हें हिरण, गौर तथा विभिन्न प्रजातियों के आकर्षक पक्षियों को देखने का अवसर मिला। हालांकि उन्हें बाघ का दीदार नहीं हो सका, लेकिन उन्होंने कहा कि यदि अवसर मिला तो वे दोबारा यहां आएंगे और टाइगर देखने की अपनी इच्छा पूरी करेंगे। वन क्षेत्राधिकारी सत्यम कुमार ने बताया कि विदेशी पर्यटक वीटीआर की जैव विविधता, प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों को देखकर काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्यटकों के आगमन से वीटीआर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग मजबूत होती है तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। गौरतलब है कि पर्यटन सत्र 2024-25 में कुल 31 विदेशी नागरिकों ने वाल्मीकिनगर और वीटीआर का भ्रमण किया था। इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित यह टाइगर रिजर्व अपनी समृद्ध जैव विविधता, घने जंगलों, पहाड़ियों और गंडक नदी के मनोरम दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। हर वर्ष देश-विदेश से लाखों पर्यटक यहां पहुंचते हैं और प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य का आनंद लेते हैं। वीटीआर प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले समय में विदेशी पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी। प्राकृतिक संपदा, वन्यजीवों की विविधता और शांत वातावरण के कारण वाल्मीकि टाइगर रिजर्व अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here