जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, महिलाओं ने एक-दूसरे पर लगाया हमला और जेवर छीनने का आरोप।

0
28

Spread the love

वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के पिपरा कुट्टी गांव की घटना, दोनों पक्षों ने पुलिस को सौंपा आवेदन।

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर:- थाना क्षेत्र के पिपरा कुट्टी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और सोने के आभूषण छीनने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रथम पक्ष की धूपा देवी, पति सुरेंद्र पासी, ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि रविवार सुबह वह अपने खाता संख्या 25/125, खेसरा संख्या 1/191 की 10 डिसमिल जमीन की साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान तेज प्रताप, संतोष पासी, दीनदयाल प्रसाद समेत कई लोग वहां पहुंचे और जमीन पर दावा करते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर संतोष पासी ने उन्हें उठाकर पटक दिया और डंडे से हमला किया। मारपीट में उनके सिर और हाथ में चोट लगी तथा खून बहने लगा। धूपा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनका ब्लाउज फाड़ दिया और सोने का लॉकेट छीन लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे राजन कुमार के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष की दुर्गा कुमारी ने अपने आवेदन में कहा है कि 13 जून को पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने की बात हुई थी, लेकिन अगले दिन धूपा देवी और राजन पासी बिना सहमति के विवादित जमीन की मेड़ काटने लगे। रोकने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। दुर्गा कुमारी का आरोप है कि धूपा देवी और राजन पासी ने उनकी चाची के साथ मारपीट की तथा उनके कान की सोने की बाली खींच ली। उन्हें भी चोटें आई हैं। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वाल्मीकिनगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here