

प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. शाहबाज खान ने दिया परामर्श, बिना ऑपरेशन उपचार की आधुनिक तकनीकों की दी जानकारी।
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर: सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को वाल्मीकिनगर स्थित श्याम गेस्ट हाउस में विशेष फिजियोथेरेपी कैंप का आयोजन किया गया। गो फोर यात्रा टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी एवं शुभम कुमार गुप्ता के सौजन्य से आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में देश के प्रसिद्ध फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. शाहबाज खान (बीपीटी, एमपीटी स्पोर्ट्स) ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।कैंप में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कमर दर्द, घुटना दर्द, गर्दन दर्द, सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस, स्लिप डिस्क, मांसपेशियों में खिंचाव, हाथ-पैरों की जकड़न, खेलकूद के दौरान लगी चोटों, लकवा तथा अन्य शारीरिक समस्याओं से पीड़ित मरीजों ने विशेषज्ञ से परामर्श प्राप्त किया। डॉ. शाहबाज खान ने प्रत्येक मरीज की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उनकी शारीरिक स्थिति का परीक्षण किया और आधुनिक फिजियोथेरेपी तकनीकों के माध्यम से दर्द से राहत पाने के प्रभावी उपाय बताए।

इस अवसर पर डॉ. खान ने कहा कि आज के समय में कई ऐसी शारीरिक समस्याएं हैं, जिनका उपचार बिना ऑपरेशन के भी संभव है। उन्होंने बताया कि नियमित व्यायाम, सही शारीरिक मुद्रा, जीवनशैली में सुधार और आधुनिक फिजियोथेरेपी पद्धतियों के माध्यम से मरीज लंबे समय तक दर्द से राहत पा सकते हैं। उन्होंने लोगों को अनावश्यक रूप से ऑपरेशन कराने से पहले विशेषज्ञ परामर्श लेने की सलाह भी दी। कैंप के दौरान उपस्थित लोगों को फिजियोथेरेपी के महत्व और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर सही उपचार मिलने से कई गंभीर समस्याओं को प्रारंभिक अवस्था में ही नियंत्रित किया जा सकता है। आयोजक ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर में पहुंचे मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन क्षेत्र के लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा।

कार्यक्रम के अंत में लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की शारीरिक परेशानी होने पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9304880005 पर संपर्क किया जा सकता है। इस जनहितकारी पहल से क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौके पर अमित कुमार उर्फ बिट्टू, सुमन कुमार,अजय झा आदि मौजूद रहे।










