शिवपुरी कॉलोनी से लापता किशोरी रामनगर से बरामद, वाल्मीकिनगर पुलिस की तत्परता से मिली सफलता, परिजनों ने ली राहत की सांस।

0
93

Spread the love

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह

बेतिया/वाल्मीकिनगर: वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सकुशल बरामद कर लिया है। किशोरी के मिलने के बाद उसके परिजनों ने राहत की सांस ली है, जबकि पूरे मामले को लेकर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, किशोरी के अचानक गायब होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया था। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए वाल्मीकिनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस संबंध में वाल्मीकिनगर थाना कांड संख्या 80/26 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। बताया जाता है कि किशोरी के चाचा ने थाना में दिए गए आवेदन में बताया था कि उनकी पत्नी स्वाभिमान बटालियन में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में शिवपुरी कॉलोनी में किराये के मकान में रह रही हैं। उनकी छह माह की बच्ची की देखभाल के लिए उनकी भतीजी पिछले करीब डेढ़ महीने से उनके साथ रह रही थी। 27 मार्च 2026 की रात लगभग 10 बजे किशोरी बिना किसी सूचना के अचानक घर से गायब हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए वाल्मीकिनगर पुलिस लगातार किशोरी की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए रामनगर क्षेत्र से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस संबंध में वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here