

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट ।।
बेतिया/मझौलिया। राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय महनवा रमपुरवा में शिक्षिका के साथ विवाद करना शिक्षक धर्मेंद्र सिंह को महंगा पड़ गया। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हफिजुर रहमान ने पत्रांक 422 दिनांक 22 मई 2026 जारी कर शिक्षक धर्मेंद्र सिंह से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। मामले ने शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक धर्मेंद्र सिंह ने पूर्व प्रधानाध्यापिका शिल्पा सिंह के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, बिना वजह विवाद खड़ा किया तथा उनके पहनावे, बैठने, चलने-फिरने तक पर टिप्पणी कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विभागीय जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

बताया जा रहा है कि 21 मई 2026 को विद्यालय के रूटीन में बदलाव को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि शिक्षिका शिल्पा सिंह की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौलिया में भर्ती कर इलाज कराना पड़ा। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा है कि किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना भारतीय न्याय संहिता की धारा 354, 354क, 354ख और 354घ के अंतर्गत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराने तथा विभागीय कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार शिक्षक धर्मेंद्र सिंह पूर्व में भी विवादों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। विद्यालय में उनका व्यवहार अक्सर विवाद का कारण बनता रहा है।










