

लोरिया से अखिलेश उर्फ दीपक कुमार सिंह की रिपोर्ट
लौरिया। लौरिया अंचल कार्यालय परिसर में मंगलवार की दोपहर को एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के माध्यम से अब क्षेत्र के लोगों को भूमि संबंधी विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेंगी, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों और साइबर कैफे के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।इस कॉमन सर्विस सेंटर पर दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), भू-लगान भुगतान, परिमार्जन, जमीन की मापी के लिए आवेदन जैसी भूमि संबंधी सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त, आरटीपीएस के तहत जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों का भी ऑनलाइन निष्पादन किया जाएगा। इस पहल से भूमि सुधार प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और तेजी आने की उम्मीद है।लौरिया के अंचल अधिकारी नितेश कुमार सेठ ने बताया कि बिहार सरकार की पहल पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तहत इस केंद्र की स्थापना की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य भूमि संबंधी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सरल, पारदर्शी और आम लोगों के लिए सुलभ बनाना है।उन्होंने आगे कहा कि अब नागरिक अंचल परिसर में ही निर्धारित सरकारी शुल्क पर रसीद कटवाने, आवेदन करने और अन्य आवश्यक कार्य आसानी से करा सकेंगे।अंचल अधिकारी ने बताया कि पहले लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों और साइबर कैफे पर निर्भर रहना पड़ता था। अब अधिकांश सेवाएं एक ही केंद्र पर उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत होगी। प्रशासन की प्राथमिकता कम दरों पर पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। अंचल अधिकारी ने आम लोगों से इस नई सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।कॉमन सर्विस सेंटर की शुरुआत से लौरिया अंचल में डिजिटल प्रशासनिक सेवाओं को मजबूती मिली है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सरकारी सेवाएं अब पहले की तुलना में अधिक सहज, तेज और पारदर्शी तरीके से मिल सकेंगी।










