

बेतिया मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट।।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के सेनुवरिया पंचायत स्थित नया टोला में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव अचानक गायब हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत महिला की पहचान प्रदीप साह की पत्नी शोभा देवी के रूप में हुई है। घटना वार्ड संख्या 8 की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार महिला की मौत के बाद परिजनों द्वारा शव को कहीं छिपा दिए जाने की चर्चा गांव में तेजी से फैल गई, जिससे मामला और रहस्यमय बन गया है। सूचना मिलते ही मझौलिया पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव गायब हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन शुरू कर दी। ग्रामीणों से पूछताछ भी की जा रही है। घटना के बाद गांव में भय और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। मझौलिया इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि शव की तलाश लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि यदि शव बरामद नहीं होता है तो संबंधित परिवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है।










