

लौरिया से अखिलेश उर्फ दीपक सिंह की रिपोर्ट
लौरिया। लंबे समय से चली आ रही हड़ताल के बाद लौरिया के अंचल अधिकारी (सीओ) नितेश कुमार सेठ ने सोमवार को पुनः अपना योगदान दे दिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अंचल कार्यालय के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादित करने का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए अब नियमित रूप से सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा, ताकि लोगों की शिकायतों का त्वरित निपटारा हो सके। इसके अलावा, प्रत्येक शनिवार को थानाध्यक्ष के साथ मिलकर जमीन से जुड़े विवादों का निष्पादन किया जाएगा, जिससे भूमि संबंधित मामलों में तेजी आएगी। सीओ ने यह भी कहा कि फिलहाल कुछ कर्मचारी अभी भी हड़ताल पर हैं, लेकिन उनके योगदान देने के बाद अंचल का कामकाज पूरी तरह से पूर्व की तरह सुचारू रूप से पटरी पर लौट आएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।










