

चौतरवा से गंडक बैराज तक जनसंवाद, माल्यार्पण और बैठके संगठन मजबूती और सामाजिक समरसता पर जोर
जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह,
बेतिया/वाल्मीकिनगर । जनता दल (यू) की “सद्भाव यात्रा” के तहत नेता निशांत कुमार का बगहा और वाल्मीकिनगर दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार कई चरणों में आयोजित होगा। इस दौरान वे जनसंवाद, सामाजिक समरसता और संगठन विस्तार को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दोपहर बाद बगहा पहुंचने पर उनका पहला पड़ाव शाम 4:50 बजे चौतरवा चौक होगा, जहां वे स्थानीय लोगों का अभिवादन करेंगे। इसके बाद 5:15 बजे गांधी नगर चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे। शाम 5:30 बजे अनुमंडल कार्यालय के पास आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर वे डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देना है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस यात्रा के जरिए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद शाम 5:50 बजे एसएसबी कैंप के पास रिंकू सिंह के पेट्रोल पंप पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, जहां संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा और फीडबैक लिया जाएगा। 6:15 बजे लक्ष्मीपुर चौक पर अनुसूचित जनजाति समाज के लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। बगहा के कार्यक्रमों के बाद वे वाल्मीकिनगर के लिए रवाना होंगे। शाम 6:50 बजे कौलेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और 7:15 बजे गंडक बैराज का निरीक्षण करेंगे, जिसे क्षेत्रीय विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रात्रि 7:45 बजे वाल्मीकिनगर कन्वेंशन सेंटर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी नेताओं के अनुसार, इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।










