

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर । वैशाख पूर्णिमा एवं बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर 1 मई को बेलवा घाट परिसर स्थित संगम तट पर 154वीं नारायणी गंडकी महाआरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय न्यास स्वरांजलि सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष धार्मिक कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजकों के अनुसार, इस बार महाआरती में भारत के साथ-साथ मित्र देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे यह आयोजन और भी भव्य रूप लेगा।
संस्था के मैनेजिंग डायरेक्टर संगीत आनंद ने बताया कि हर माह की पूर्णिमा तिथि पर महाआरती आयोजित की जाती है, लेकिन बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। इस बार कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेडीयू के वरिष्ठ नेता, समाजसेवी एवं संस्था के संरक्षक पशुपतिनाथ गुप्ता होंगे। संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्षा अंजू देवी ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा हिंदू और बौद्ध दोनों धर्मों के लिए अत्यंत पवित्र दिन है। यह भगवान विष्णु और गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण का प्रतीक है। इस दिन गंगा स्नान, पूजा-पाठ, दान और ध्यान का विशेष महत्व होता है, जिससे जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की प्राप्ति होती है। महा आरती की तैयारियों में जुटे विजय कुमार ने बताया कि यह अवसर श्रद्धा और आस्था के संगम का प्रतीक है। वहीं समाजसेवी स्वरांजलि सरगम ने कहा कि पवित्र नदियों में स्नान करने से मन और आत्मा की शुद्धि होती है तथा नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। आयोजन को सफल बनाने के लिए एचेल थारू, जयदेव कुमार, अभिनेता सोनू चौधरी, फिल्म निर्माता अरविंद अकेला, साहित्यकार एस.एन. सौरभ सहित कई गणमान्य लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजकों का मानना है कि यह महाआरती न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगी, बल्कि भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत करने का माध्यम बनेगी।










