

बेतिया/मझौलिया से राजू शर्मा की रिपोर्ट
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सीएचसी मझौलिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रसाद ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लाल सरैया स्थित एक निजी क्लीनिक में गंभीर अनियमितता सामने आई, जहां टीम के पहुंचते ही डॉक्टर मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, लाल सरैया में संचालित शाहीन हेल्थ केयर नामक क्लीनिक पर मेडिकल विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की।

क्लीनिक के बाहर लगे बोर्ड पर डॉक्टर का नाम “ए हक” अंकित पाया गया। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही डॉक्टर क्लीनिक छोड़कर फरार हो गए, जिससे संदेह और गहरा गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने क्लीनिक के संचालन, पंजीकरण और उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की। प्रारंभिक जांच में कई खामियों के संकेत मिले हैं। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि बिना वैध कागजात के क्लीनिक संचालन की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनुपम प्रसाद ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अन्य निजी क्लीनिक संचालकों को भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की चेतावनी दी गई है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के निजी क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है। विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाए जाने से अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों पर नकेल कसने की तैयारी तेज हो गई है।










