

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर: नवनिर्मित वाल्मीकि सभागार में गुरुवार को सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र नारायण यादव ने शिक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की। इस बैठक में वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के करीब 100 शिक्षकों ने भाग लिया और अपने विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने अपने प्रतिनिधि का गर्मजोशी से स्वागत भी किया। बैठक में शिक्षकों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य रूप से कालबद्ध प्रोन्नति, स्नातक प्रोन्नति, लंबित एरियर भुगतान और शिक्षकों के मान-सम्मान से जुड़े मुद्दे केंद्र में रहे। शिक्षकों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा और समाधान की मांग की। इस दौरान नदी घाटी योजना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक विजय कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षक, छात्र और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि आपसी तालमेल की कमी के कारण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में कठिनाइयां सामने आ रही हैं। इस पर एमएलसी वीरेंद्र नारायण यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से अपने व्यवहार और कार्यशैली के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने की अपील की, ताकि विद्यार्थी और अभिभावक शिक्षा के प्रति अधिक जागरूक हो सकें। बैठक के दौरान ही एमएलसी ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की और लापरवाही पर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिक्षकों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि कालबद्ध और स्नातक प्रोन्नति को जल्द लागू कराने के लिए वे शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों से बातचीत करेंगे। इसके अलावा शिक्षकों ने विद्यालय की समय सारणी और छुट्टियों में किए गए बदलाव पर भी अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने शनिवार को पूर्व की तरह हाफ डे लागू करने और सरकारी छुट्टियों में कटौती को समाप्त करने की मांग रखी। इस पर एमएलसी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और इस मुद्दे को सदन में उठाने का भरोसा दिया। यह बैठक शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।










