

जिला ब्यूरो, विवेक कुमार सिंह
बेतिया/वाल्मीकिनगर :- हनुमान जयंती के पावन अवसर पर चंपापुर गोनौली पंचायत में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक समारोह का समापन गुरुवार देर शाम भक्ति और उत्साह के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा सीमा जागरण मंच के अधीन कार्यरत शक्ति केंद्र चंपापुर द्वारा किया गया। 31 मार्च से 2 अप्रैल तक चले इस आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समारोह का नेतृत्व शक्ति केंद्र अध्यक्ष मंतोष कुमार यादव ने किया। उनके साथ अभिषेक जायसवाल, वीरेंद्र राम, ज्योति उरांव और अनिल पंडित सहित कई कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के घने जंगलों के बीच स्थित बजरंगी बलि मंदिर में आयोजित भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा पाठ रहा। मंदिर परिसर में गूंजते भक्ति गीतों और ‘जय बजरंगबली’ के जयकारों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रसाद ग्रहण किया। समिति अध्यक्ष मंतोष कुमार यादव ने कहा कि कलियुग में पवन पुत्र हनुमान को सबसे जागृत देवता माना जाता है, जो अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करते हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक चले इस आयोजन में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें पंचायत के लोगों का भरपूर सहयोग मिला। उन्होंने समाज में एकता, शांति और धार्मिक जागरूकता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि सभी सनातन धर्मावलंबियों को अपने धर्म के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए आगे आना चाहिए। समारोह के समापन के साथ ही समिति ने आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और अधिक भव्य रूप देने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का संदेश भी दे गया।










